
मृतक महिला के पीड़ित परिवार से मिले झामुमो के युवा नेता अविनाश देव, प्रशासन से की निष्पक्ष जांच की मांग
अविनाश देव ने मृतक के बच्चों की शिक्षा का उठाया जिम्मा
Palamu : पलामू जिले के नवाबाजार प्रखंड अंतर्गत बसना गांव में बीते 20 अक्टूबर, दशहरे के दिन दलित महिला गीता देवी की हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। महिला का शव पास के धान के खेत में फेंका हुआ मिला था। यह घटना केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के सामने गंभीर सवाल खड़ा करती है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता एवं संत मरियम आवासीय विद्यालय के अध्यक्ष अविनाश देव आज बसना गांव पहुंचे और दिवंगत गीता देवी के पति शशि एवं उनके पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अविनाश देव ने जिला प्रशासन से बातचीत कर मामले में निष्पक्ष एवं गंभीर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल कोई भी दोषी कानून के शिकंजे से बचना नहीं चाहिए और किसी निर्दोष को बेवजह फंसाया भी नहीं जाना चाहिए। शराब के नशे में हो या किसी अन्य परिस्थिति में, किसी महिला के साथ ऐसी अमानवीय दरिंदगी और हत्या किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और दलित समाज के प्रति हिंसा तथा अपराध के खिलाफ समाज को एकजुट होकर खड़ा होना होगा। केवल संवेदना व्यक्त करने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर ठोस पहल जरूरी है। हमारी मांग है कि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और दोषियों को कानून के तहत कठोरतम सजा मिले।
इस दौरान अविनाश देव ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि श्राद्ध कर्म संपन्न होने के बाद परिवार और गांव-समाज के लोगों से विचार-विमर्श कर दिवंगत गीता देवी के एक बच्चे को संत मरियम आवासीय विद्यालय में निःशुल्क शिक्षा देने की जिम्मेदारी लेने का प्रयास करेंगे, ताकि इस असहनीय दुख के बीच बच्चे का भविष्य अंधकारमय न हो।

अविनाश देव ने कहा कि एक मां का इस तरह दुनिया से चले जाना उसके बच्चों के जीवन में कभी न भरने वाला खालीपन छोड़ जाता है। हम गीता देवी को वापस नहीं ला सकते, लेकिन उनके बच्चों की शिक्षा और भविष्य को संवारने में अपना योगदान जरूर दे सकते हैं। पीड़ित परिवार खुद को अकेला न समझे, हम उनके साथ खड़े हैं।
अंत में उन्होंने दिवंगत गीता देवी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें तथा दिवंगत आत्मा को शांति दें।

अविनाश देव ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं के सम्मान, दलितों की सुरक्षा और अपराध के खिलाफ न्याय की लड़ाई में समाज की चुप्पी भी अपराधियों का मनोबल बढ़ाती है। ऐसी घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाना और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मौके पर मृतक के पति शशि पासवान, पुत्र आयुष पासवान(उम्र 14) एवं पीयूष पासवान (उम्र 12), परिजन
मंटू पासवान, सुमित पासवान,जयनाथ पासवान, सिद्धनाथ पासवान, मुकेश पासवान, अनिल पासवान, बबलू पासवन, जेएमएम क्रीड़ा प्रकोष्ठ के पलामू जिला अध्यक्ष सुमित वर्मन, संत मरियम आवासीय विद्यालय के संगीत शिक्षक श्याम किशोर पांडे सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा के पड़वा प्रखंड अध्यक्ष चन्देश्वर मेहता, समाजसेवी रवि मेहता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।





