शिक्षा व्यवस्था में सुधार समेत नौ सूत्री मांगों को लेकर युवा आजसू ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

Latehar : जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार एवं छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर युवा आजसू एवं छात्र युवा आजसू के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को नौ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। जिला प्रभारी मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षा एवं छात्र हित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र पहल करने का आग्रह किया गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए कई बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। युवा आजसू ने गोवा स्थित मॉडल डिग्री कॉलेज में संचालित विभिन्न संकायों में शिक्षकों की नियुक्ति कर नियमित पठन-पाठन शुरू कराने तथा जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की है। साथ ही प्रत्येक प्रखंड में पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।

प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्यालय में संचालित छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क भोजन, वार्डन, सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरा एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। स्नातक के विभिन्न संकायों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए नया छात्रावास निर्माण कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।इसके अलावा सभी विद्यालयों के परिसर के अंदर एवं बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने, छुट्टी के समय विद्यालयों के आसपास पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा जर्जर विद्यालय भवनों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई है।

युवा आजसू ने दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल एवं कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों को बस किराए में 50 प्रतिशत छूट देने की पहल करने तथा जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में 75 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। साथ ही सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को कानून एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया गया।

जिलाध्यक्ष अमित पांडेय ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था और छात्र-छात्राओं के भविष्य से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से पहल किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मांगों के पूरा होने से जिले के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।मौके पर सुकेश यादव, लवकुश यादव, नीरज यादव, संजीव कुमार, उज्जवल गुप्ता, शंकर उरांव, विवेक कुमार दुबे, मनोज तिवारी, नारद कुमार, नागमणि यादव, पंकज प्रसाद, विजेंद्र कुमार, रंजन सिंह, विवेक कुमार, नवनीत पांडेय, रवि कुमार, रितेश कुमार, अनमोल चौधरी एवं राहुल सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!