सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन जांच अभियान, 42 दोपहिया वाहनों का ई-चालान

Latehar: उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देशानुसार सोमवार को जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से ब्लॉक ऑफिस चौक, मुख्य मार्ग, लातेहार के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने संयुक्त रूप से किया।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बिना हेलमेट वाहन चलाने पर ₹1,000 तक जुर्माना तथा तीन माह तक ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाने का प्रावधान है।

वाहन चालकों को तेज गति और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई। बताया गया कि ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में लाइसेंस रद्द होने के साथ जेल का भी प्रावधान है।

इसके अलावा अभिभावकों से अपील की गई कि वे 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन न चलाने दें, क्योंकि नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर अभिभावक पर ₹25,000 तक जुर्माना लगाया जा सकता है।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 42 दोपहिया वाहनों का ई-चालान किया गया। जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!