सदर अस्पताल, लातेहार में सीटी स्कैन सेंटर का हुआ उद्घाटन

Latehar : सदर अस्पताल, लातेहार में गुरुवार को सीटी स्कैन सेंटर का उद्घाटन किया गया। चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद काली चरण सिंह,राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, विधायक मनिका रामचंद्र सिंह,उपायुक्त संदीप कुमार, द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर सीटी स्कैन सेंटर का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि सीटी स्कैन जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधा के प्रारंभ होने से जिले के हजारों मरीजों को लाभ मिलेगा। अब लोगों को जांच के लिए रांची, डाल्टनगंज अथवा अन्य शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक व्यय दोनों की बचत होगी।

राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।

विधायक मनिका रामचंद्र सिंह ने कहा कि जिले के लोगों की लंबे समय से सीटी स्कैन सुविधा की मांग थी, जो अब पूरी हुई है।उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सीटी स्कैन सेंटर के शुरू होने से दुर्घटना, न्यूरोलॉजिकल, हृदय एवं अन्य गंभीर रोगों के मरीजों की त्वरित जांच संभव होगी, जिससे चिकित्सकों को समय पर उपचार शुरू करने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने संबंधित एजेंसी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सेंटर का नियमित संचालन, मशीनों का समुचित रखरखाव तथा मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, गोपनीय विशेष कार्य प्रभारी श्रेयांश,सांसद प्रतिनिधि,विधायक प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सक,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!