
सांसद स्वास्थ्य प्रतिनिधि डॉ. चंदन सिंह की पहल पर दो युवाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
Sanjay prajapati @ united palamu
Latehar : सदर प्रखंड क्षेत्र के किनामाड़ निवासी अभय कुमार (पिता- रघुबीर प्रसाद) एवं रिचुघुटा निवासी प्रकाश पांडेय ने गुरुवार को सांसद स्वास्थ्य प्रतिनिधि डॉ. चंदन सिंह की अगुवाई में सदर अस्पताल में एक-एक यूनिट रक्तदान किया।
इस अवसर पर सांसद स्वास्थ्य प्रतिनिधि डॉ. चंदन सिंह ने कहा कि उनका प्रयास रहता है कि अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में आज दो युवाओं द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान कराया गया।
मौके पर एनटीपीसी के उपमहाप्रबंधक एम. चंद्र सेगर भी उपस्थित थे। उन्होंने दोनों रक्तदाताओं की सराहना करते हुए उनके इस मानवीय कार्य के लिए साधुवाद दिया।
रक्तदाता अभय कुमार ने बताया कि वे वर्ष 2016 से लगातार रक्तदान कर रहे हैं और अब तक 30 यूनिट रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है तथा हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए।
वहीं प्रकाश पांडेय ने कहा कि रक्तदान के प्रति युवाओं को आगे आना होगा। उनके सहयोग से कई जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।




