हुसैनाबाद में चला बुलडोजर, वर्षों से सड़क पर कब्जा जमाए अतिक्रमणकारियों पर नगर प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई
Palamu : हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के मुख्य बाजार में बुधवार को नगर प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए सार्वजनिक सड़क पर किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया। इस कार्रवाई से पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और वर्षों से सड़क की जमीन पर अतिक्रमण कर बैठे दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
अभियान के दौरान दुकानों के बाहर बनी अवैध सीढ़ियों को ध्वस्त किया गया, सड़क किनारे लगाए गए साइन बोर्ड उखाड़े गए तथा सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अन्य अतिक्रमण को भी हटाया गया। वहीं अंबेडकर चौक पर लगाए जाने वाले अस्थायी ठेलों को हटाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

नगर प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि किसी भी व्यक्ति या दुकानदार द्वारा दोबारा सार्वजनिक सड़क या सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को बाजार में लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क अतिक्रमण मुक्त होने से यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और आम लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। नगर प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
अभियान के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी शशि शेखर सुमन के नेतृत्व में नगर प्रबंधक हिमानी बाड़ा, कनीय अभियंता अभिजीत दुबे, अजित गुप्ता, बृजलाल यादव, रवि कुमार, धर्मेंद्र पासवान, विकास कुमार सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी मौजूद रहे। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुसैनाबाद थाना की पुलिस बल भी पूरे अभियान के दौरान तैनात रही।




