
हेरहंज थाना का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश
Latehar : गुरुवार को पुलिस अधीक्षक, लातेहार द्वारा हेरहंज थाना का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना के महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं पंजियों की गहनता से जांच की गई। एसपी ने लंबित एवं पुराने मामलों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दिया।
क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रात्रि गश्ती एवं सघन एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान को और प्रभावी एवं तेज करने का निर्देश दिया गया। साथ ही थाना में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा शिकायतों पर त्वरित एवं नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया गया। इस दौरान अपनी समस्याओं को लेकर थाना पहुंचे लोगों से पुलिस अधीक्षक ने मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।





