कमजोर और वंचितों को अधिकार दिलाना हमारा दायित्व: शेषनाथ सिंह

लातेहार : जिला विधिक सेवा प्राधिकार लातेहार के तत्वावधान में समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय कदम उठाया गया है।दोनों आंखों से जन्मजात दिव्‍यांग दिलीप यादव (27) की गुहार पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए के अध्‍यक्ष शेषनाथ सिंह ने त्वरित संज्ञान लिया है।उन्होंने पीड़ित परिवार को सभी आवश्यक सरकारी सुविधाएं और लाभ जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का पूर्ण आश्वासन दिया है।

क्या है पूरा मामला

जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के ग्राम हेमपुर के निवासी दिलीप यादव, पिता- मंगर यादव बचपन से ही दोनों आंखों से पूरी तरह दिव्यांग हैं।वर्ष 2014 में उनका विवाह हुआ था और उनकी पत्नी भी शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं।उनके तीन छोटे बच्चे (दो बेटे और एक बेटी) हैं।अत्यंत गरीबी और लाचारी के बावजूद इस परिवार का अब तक आधार कार्ड, राशन कार्ड और विकलांगता प्रमाण पत्र जैसी बुनियादी चीजें भी नहीं बन पाई थी।सरकारी आवास या अन्य किसी भी प्रकार के सरकारी लाभ से यह परिवार अब तक पूरी तरह वंचित था।

डालसा की त्वरित कार्रवाई

असहाय स्थिति में दिलीप यादव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लातेहार के सचिव  को आवेदन देकर न्याय और मदद की गुहार लगाई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए इस आवेदन को तुरंत उपायुक्त लातेहार, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी लातेहार और प्रखंड विकास पदाधिकारी, बालूमाथ को त्वरित कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य समाज के सबसे कमजोर और वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाना है।दिलीप यादव के परिवार को प्राथमिकता के आधार पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!