
कोढ़ास गांव में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Latehar : सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सांसग पंचायत के कोढ़ास गांव में सोमवार की सुबह एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान रुहीना परवीन, पति साहिल खान निवासी कोढ़ास के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब नौ बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद साहिल खान राशन लाने के लिए घर से बाहर चला गया। वापस लौटने पर उसने घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया। काफी आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुलने पर उसने मृतका की खाला रुकेजा परवीन को बुलाया। इसके बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने घर के दरवाजे और एस्बेस्टस को हटाकर अंदर प्रवेश किया। अंदर पहुंचने पर रुहीना परवीन को दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार एवं लातेहार थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लातेहार भेज दिया।इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि महिला की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।





