
छठ व्रतियों की मदद को आगे आया जायसवाल समाज, श्रद्धा के साथ किया गेहूं का वितरण
Ayush Kumar @ united palamu
Mahuadand: महुआडांड़ में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सामाजिक सेवा और सहयोग की मिसाल देखने को मिली। बुधवार को जायसवाल समाज की ओर से छठ व्रतियों के बीच गेहूं वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान प्रत्येक छठ व्रती को ढाई-ढाई किलो गेहूं प्रदान किया गया, ताकि उन्हें छठ महापर्व की तैयारियों में सहयोग मिल सके।गेहूं वितरण कार्यक्रम जायसवाल समाज के अध्यक्ष हीरालाल जायसवाल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के अध्यक्ष बिहारी जायसवाल, समाज के उपाध्यक्ष विजय जायसवाल, महेंद्र जायसवाल एवं अर्जुन जायसवाल की अगुवाई में संपन्न हुआ। सभी ने श्रद्धा और सेवा भाव के साथ छठ व्रतियों के बीच गेहूं का वितरण किया।
इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि छठ महापर्व शुद्धता, निष्ठा, पवित्रता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। छठ व्रतियों की सेवा और सहयोग करना बेहद पुण्य का कार्य है। इसी भावना से समाज की ओर से व्रतियों को प्रसाद तैयार करने के लिए गेहूं उपलब्ध कराया गया है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।वितरण कार्यक्रम में समाज के अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में छठ व्रती उपस्थित रहे। जायसवाल समाज की इस सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की। समाज के इस प्रयास को आपसी सहयोग, सामाजिक एकता और सेवा भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बताया जा रहा है।





