
झारखंड के 18 जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के 18 जिलों में 20 मई को मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी और मध्यवर्ती हिस्सों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। इसे लेकर सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रभावित जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

जिन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है और कई जगहों पर अचानक तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण राज्य में अस्थिर मौसम की स्थिति बनी हुई है। यही वजह है कि अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।



