
झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक में लातेहार जिला टीम सम्मानित
Latehar : झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष आनंद किशोर साहू की अध्यक्षता में एलएमटी होटल में आयोजित हुई। बैठक का संचालन प्रदेश प्रवक्ता दिनेश कुमार शुक्ला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महासचिव बलजीत कुमार सिंह ने किया।
बैठक में शिक्षकों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि इन मांगों के समाधान के लिए शीघ्र ही विभागीय मंत्री एवं सचिव से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रमुख मांगों में शिक्षकों को एमएसीपी (MACP) का लाभ प्रदान करना, ग्रेड-4 एवं ग्रेड-7 में लंबित प्रोन्नति शीघ्र देना, शिक्षकों का पदस्थापन गृह प्रखंड में करना, सहायक आचार्यों का ग्रेड पे पूर्व की भांति 4200 एवं 4600 रुपये करना, शनिवार को पूर्व व्यवस्था के अनुसार हाफ डे लागू करना अथवा प्रत्येक माह दो शनिवार का अवकाश घोषित करना, बायोमेट्रिक प्रणाली में सुधार करना, शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करना तथा सरकारी कर्मचारियों की एनपीएस में जमा राशि वापस करने सहित अन्य मांगें शामिल थीं।
बैठक में संगठन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए लातेहार जिला टीम को प्रदेश कमेटी की ओर से मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लातेहार जिला कमेटी का विस्तार भी किया गया। रशीद अंसारी को जिला उपाध्यक्ष, उमेश कुमार सिंह को बरवाडीह प्रखंड अध्यक्ष, रमेश कुमार मिश्रा को बालूमाथ प्रखंड अध्यक्ष तथा अनु कुमार रवि को मनिका प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में लातेहार जिला की ओर से जिला अध्यक्ष हीरा प्रसाद यादव, जिला सचिव प्रदीप कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार चंद्र, प्रदेश संगठन मंत्री अभिमन्यु कुमार सिंह, संयुक्त सचिव ब्रजेश कुमार, राज्य कार्यकारिणी सदस्य राकेश कुमार, रशीद अंसारी, विजय लाल, रामधनी यादव, रमेश कुमार मिश्रा एवं उमेश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।





