
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और समाज के लिए समर्पित था : कोचे मुंडा
Ranchi : jharkhand के खूंटी में भारतीय जनता पार्टी तोरपा मंडल के तत्वावधान में मंगलवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और समाज के लिए समर्पित था। उन्होंने एकात्म मानववाद का सिद्धांत देकर देश को ऐसी विचारधारा प्रदान की, जिसमें समाज के हर वर्ग के विकास और कल्याण की बात की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज भी डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और आदर्शों को लेकर आगे बढ़ रही है तथा गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के हित में कार्य कर रही है।
पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ मुखर्जी के जीवन, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में भाजपा तोरपा मंडल अध्यक्ष सुबोध गुप्ता, संतोष जायसवाल, नीरज जायवाल, सुबोध जयसवाल, दीपक तिग्गा कृपा सिंधु बेहरा, गन्दौरी गुड़िया, शिव नारायण नाथ शाहदेव, राजू साहू, प्रीतम महतो, शशांक शेखर राय, भागीरथ राय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


