
दिल्ली के बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 3 लोगों की मौत
New Delhi : दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में गुरुवार-शुक्रवार (11-12 जून) की दरमियानी रात एक बहुमंजिला बिल्डिंग में आग लग गई, जिसमें तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. वहीं, धुआं भरने की वजह से कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. दमकल विभाग के मुताबिक, रात करीब 2:25 पर उन्हें इस आग की सूचना मिली जिसके तुरंत बाद कई फायर ब्रिगेड तुरंत तुगलकाबाद की गली नंबर-1, नया तारा अपार्टमेंट के पास पहुंचीं.

यह आग एक मकान के अंदर खड़े वाहनों में लगी थी, जिसकी वजह से पूरी बिल्डिंग में धुआं फैल गया और कई लोग अंदर फंस गए. दमकल कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सुबह तक 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया.फायर अधिकारियों के अनुसार सुबह 3:45 पर आग पर नियंत्रण पाया जा सका. इसके बाद भी तलाशी और बचाव अभियान जारी रखा गया. सुबह 4 बजे तक आग पूरी तरह से बुझा ली गई.
दिल्ली पुलिस द्वारा जानाकरी मिली है कि गोविंदपुरी के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में देर रात एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया.शुरुआती जांच में सामने आया कि ग्राउंड फ्लोर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगी. आग ने चार्जिंग पर लगे एक इलेक्ट्रिक स्कूटर समेत वहां खड़े 7 दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया.
इस हादसे में 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मरने वालों में एक 22 साल का युवक और दो महिलाएं शामिल हैं. वहीं दो अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. फिलहाल, पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर हैं. आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है.




