पलामू एसपी कपिल चौधरी ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दिया सख्त आदेश
Palamu : पलामू एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि संज्ञान में आया है कि पुलिस विभाग के कुछ पदाधिकारी एवं कर्मी दोपहिया वाहन का परिचालन करते समय हेलमेट का उपयोग नहीं कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप वे सड़क दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं।

इस प्रकार की लापरवाही न केवल उनके स्वयं के जीवन एवं सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करती है, बल्कि यातायात नियमों के प्रति उदासीनता को भी दर्शाती है।अतः पुलिस विभाग में कार्यरत सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सख्त निर्देश दिया जाता है कि वे सरकारी कार्य अथवा निजी कार्य से दोपहिया वाहन का परिचालन करते समय प्रत्येक परिस्थिति में निर्धारित मानक का हेलमेट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करेंगे।
कार्यालय आने-जाने अथवा निजी कार्यों के दौरान भी इस निर्देश का अक्षरशः अनुपालन करेंगे।यह स्पष्ट किया जाता है कि हेलमेट का उपयोग केवल यातायात नियमों के अनुपालन के लिए ही नहीं, बल्कि बहुमूल्य जीवन की सुरक्षा के लिए भी अनिवार्य है।

अतः कोई भी पदाधिकारी अथवा कर्मी बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन का परिचालन नहीं करेंगे।सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी/अंचल पुलिस निरीक्षक / थाना/ओ०पी०/ शाखा प्रभारी, अपने अधीनस्थ सभी कर्मियों को उक्त निर्देश से अवगत कराते हुए इसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।

आदेश के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।





