
पलामू के तापमान में आई गिरावट, झारखंड के कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
Ranchi : शुक्रवार को बारिश होने से गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शनिवार की सुबह भी रांची, लोहरदगा सहित राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवा चली और बारिश हुई। बारिश होने से झारखंड राज्य के सभी हिस्सों में तापमान में गिरावट आई है।मेदिनीनगर का तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस गिरा है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य में इसी प्रकार बारिश होने की संभावना जताई है। झारखंड के बोकारो, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, रांची और रामगढ़ समेत कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है।
विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा है।



