पाटन में मर्डर ! घर से एक किलोमीटर दूर संदिग्ध परिस्थिति में मिला युवक का शव
Palamu : पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के सहदेवा गांव निवासी ठाकुर दयाल महतो के 35 वर्षीय पुत्र प्रभात कुमार मेहता का शव संदिग्ध परिस्थिति में रविवार शाम करीब चार बजे पांडेयपुरा पुल के समीप एक अर्धनिर्मित मकान से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार प्रभात कुमार मेहता 24 जुलाई से लापता था।

परिजनों ने उसकी गुमशुदगी के बाद पाटन थाना में अपहरण का मामला दर्ज कराया था।रविवार को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिय। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।परिजनों ने प्रभात की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि हत्या के बाद शव पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जलाने का भी प्रयास किया गया। घटना स्थल मृतक के घर से लगभग एक किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




