पुलिस कस्टडी में पथरा पहुंचीं रिया सिन्हा, पति के पार्थिव शरीर से लिपटकर फूट-फूटकर रोईं

पुत्र अक्षत ने भी दी अंतिम विदाई, परिजनों के विलाप से गमगीन हुआ माहौल; कररबार नदी घाट के लिए निकली सुजीत सिन्हा की अंतिम यात्रा

Palamu : झारखंड के चर्चित गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की अंतिम विदाई का पल बुधवार सुबह बेहद भावुक रहा। एक दिन की पैरोल पर पुलिस अभिरक्षा में उनकी पत्नी रिया सिन्हा हुसैनाबाद प्रखंड के मरहा पथरा स्थित ससुराल पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने पति के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन किया। इस दौरान उनके साथ पुत्र अक्षत कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। परिवार के सदस्यों के करुण क्रंदन से पूरा वातावरण गमगीन हो उठा।


जैसे ही काली साड़ी पहने रिया सिन्हा पुलिस वैन से उतरीं, वहां मौजूद लोगों की निगाहें उनकी ओर टिक गईं। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच वह सीधे अपने पति के पार्थिव शरीर के पास पहुंचीं। शव देखते ही रिया अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सकीं और पार्थिव शरीर से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं। उनके साथ पुत्र अक्षत कुमार सिन्हा भी अपने पिता के शव से लिपटकर बिलख पड़े। मां-बेटे के इस दर्दनाक दृश्य ने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं।घर में मौजूद परिजनों का विलाप लगातार गूंजता रहा। रिश्तेदार और ग्रामीण भी इस भावुक क्षण के साक्षी बने। अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग पथरा गांव पहुंचते रहे। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा।


इधर, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार नजर बनी हुई है। पुलिस अभिरक्षा में ही रिया सिन्हा को अंतिम संस्कार की सभी आवश्यक रस्मों में शामिल कराया जा रहा है।
अंतिम दर्शन के बाद सुजीत सिन्हा की शवयात्रा उनके पैतृक आवास से कररबार नदी घाट के लिए रवाना हो गई। बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। कुछ ही देर में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा


सुजीत सिन्हा के दाह संस्कार के साथ ही झारखंड के अपराध जगत के एक चर्चित और लंबे समय तक सुर्खियों में रहे नाम का अध्याय भी हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगा। पुलिस मुठभेड़ में हुई उसकी मौत के बाद अब उसकी अंतिम विदाई भी पूरे राज्य में चर्चा का विषय बनी हुई है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!