
प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने उपायुक्त, एसपी व डीडीसी से की शिष्टाचार मुलाकात
Latehar : भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2025 बैच (प्रथम चरण) के सात प्रशिक्षु अधिकारियों ने सोमवार को लातेहार के उपायुक्त संदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव तथा उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद से शिष्टाचार मुलाकात की।इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रशासनिक सेवा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में जनहित, संवेदनशीलता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्राप्त अनुभव भविष्य में बेहतर प्रशासनिक निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी अधिकारी के लिए क्षेत्रीय भ्रमण और जमीनी स्तर की समझ अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की सलाह दी। साथ ही उन्हें लातेहार जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत की भी जानकारी दी।

उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा जिले में संचालित विकास कार्यों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी साझा की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु अधिकारी बेतला राष्ट्रीय उद्यान, लोध जलप्रपात, पलामू किला एवं नेतरहाट का भ्रमण कर वहां की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विशेषताओं का अध्ययन करेंगे।मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, गोपनीय पदाधिकारी श्रेयांस, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला खेल पदाधिकारी अभिनेष त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।




