बाराती वाहन दुर्घटनाग्रस्त, 6 घायल, 5 रांची रेफर

लातेहार: शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारातियों से भरी एक बोलेरो वाहन रविवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना बारियातू–चतरा मुख्य मार्ग एनएच-22 पर नावाडीह मोड़ के पास सुबह करीब 5 बजे हुई, जिसमें 6 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी बाराती लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकनी गांव के निवासी हैं। वे चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह से बोलेरो वाहन द्वारा लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।घायलों की पहचान विकास यादव, संदीप कुमार यादव, अमर कुमार यादव, हरेंद्र यादव, शिवराज कुमार और टिंकू कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।अस्पताल में डॉ. संजय सिद्धार्थ द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद अमर कुमार यादव को छोड़कर शेष 5 बारातियों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।हादसे में तीन बारातियों के हाथ-पैर टूटने की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य को गंभीर एवं आंतरिक चोटें आई हैं। इस दुर्घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है और शादी की खुशियां गम में बदल गई हैं।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!