
बालूमाथ सड़क हादसा में दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
Sanjay prajapati @ united palamu
Latehar : जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को बालूमाथ थाना क्षेत्र के गणेशपुर हाई स्कूल के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान महावीर गंझू (32), पिता जोधन गंझू (निरी, केरेडारी हजारीबाग) तथा पंकज उरांव (23) पिता हीरा उरांव (सिमरटांड, बड़गांव, टंडवा, चतरा) के रूप में हुई है।वहीं घायलों में सविता देवी (35), पति चमन गंझू, निवासी बगलता (टंडवा, चतरा), फूलमती (13), पिता धनेश्वर गंझू, निवासी गोलीटांड (बालूमाथ) तथा संजय उरांव (21), पिता अर्जुन उरांव, निवासी सिमरटांड (टंडवा, चतरा) शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महावीर गंझू एक बाइक से दो लोगों को लेकर अपने ससुराल गोलीटांड से आ रहे थे। इसी दौरान गणेशपुर से बालूमाथ की ओर आ रही दूसरी बाइक, जिस पर संजय उरांव और पंकज उरांव सवार थे। इसी दौरान बगौता गणेशपुर गणेशपुर के पास सामने से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्नेह फाउंडेशन के शशि भूषण एवं संस्था के अन्य सदस्य सीसीएल की मोबाइल मेडिकल यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉ. अलीशा टोप्पो एवं डॉ. खुशबू ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों ने बताया कि तीनों घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया है। इधर, बालूमाथ पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही थी।





