
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत माताओं को संबंधित किट वितरित
Latehar : महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत आज सदर अस्पताल, लातेहार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस दौरान उपायुक्त संदीप कुमार द्वारा अस्पताल में जन्मी नवजात बच्चियों की माताओं को सम्मानित करते हुए उपहार स्वरूप बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से संबंधित किट तथा फल प्रदान की गई तथा बेटियों के जन्म पर परिवारों को शुभकामनाएं दी गईं।
उपायुक्त ने नवजात बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों को समान अवसर प्रदान करें और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।जिला प्रशासन शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बेटियों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने उपस्थित सभी परिवारों से आग्रह किया कि वे बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाएं, उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करें तथा समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने में सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान नवजात बच्चियों की माताओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से संबंधित किट एवं फल वितरित करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्तनपान, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच के महत्व की भी जानकारी दी गई।उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने माताओं को नवजात शिशुओं की उचित देखभाल एवं पोषण संबंधी आवश्यक सुझाव दिए।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श”सविता कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।




