Palamu : MMCH में मौजूद मणिपाल हेल्थ मैप सेन्टर में मुफ्त डायग्नोस्टिक सुविधा ठप, गरीब मरीज परेशान
Palamu : जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गरीब मरीजों को बड़ा झटका लगा है. यहां मणिपाल हेल्थ मैप में 1 नवंबर से डायग्नोस्टिक के तहत मिलने वाली अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन की मुफ्त जांच सेवा बंद कर दी गई हैं. इसका सीधा असर बीपीएल मरीजों पर पड़ रहा है, जिन्हें अब जांच के लिए पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मणिपाल हेल्थ डायग्नोस्टिक के द्वारा बीपीएल मरीजों को अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन की सुविधा मुफ्त में दी जाती थी, लेकिन अब यह सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई है।

मुफ्त जांच बंद होने के बाद सबसे ज्यादा परेशानी बीपीएल मरीजों को हो रही है. पहले जहां बिना शुल्क जांच हो जाती थी, अब मरीजों को अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन के लिए मोटी राशि का भुगतान करना पड़ रहा है। वहीं अस्पताल में मौजूद सरकारी अल्ट्रासाउंड भी खराब है।जिसके कारण गरीब मरीजों को और भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।गर्भवती महिला हो या फिर अन्य मरीजो को मजबूरी में बाहर से अल्ट्रासाउंड कराना पड़ है।यह सरकारी अस्पताल के लिए बहुत ही शर्म की बात है।

एक करोड़ 24 लाख का बकाया
इस संबंध में मणिपाल हेल्थ मैप सेंटर के मैनेजर सैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 से करीब एक करोड़ 24 लाख रुपये की राशि सरकार के पास बकाया है. भुगतान नहीं होने के कारण सेवा प्रदाता कंपनी ने मुफ्त जांच सेवा बंद कर दी है। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मैनेजर सुमित सिन्हा ने बताया की कंपनी को भुगतान नहीं हो सका है. जिस कारण बीपीएल मरीजों के लिए अल्ट्रासोनोग्राफी और सीटी स्कैन की मुफ्त सेवाएं अभी बंद हैं।

उन्होंने कहा कि जल्द ही मणिपाल हेल्थ मैप सेन्टर को भुगतान की राशि उपलब्ध कराया जाएगा।जिसके बाद गरीब मरीजों को यहां पर जांच करने में कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।वही मुफ्त जांच सेवा बंद होने से गरीब मरीजों की परेशानी बढ़ गई है. बीपीएल श्रेणी के मरीज मजबूरी में या तो निजी जांच केंद्रों का रुख कर रहे हैं या फिर उन्हें जांच के लिए पैसे चुकाने पड़ रहे हैं।



