भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समस्त राज्यवासियों को दी हार्दिक बधाई

Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को कहा, आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर समस्त राज्यवासियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।

उन्होंने इस मौके पर जारी अपने संदेश में कहा कि आज का दिन हमारे लिए गौरव, स्वाभिमान और संकल्प का दिन है। यह हमें उन वीर पुरखों और शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने जल, जंगल, जमीन, हक-अधिकार और अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, बाबा तिलका मांझी, वीर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, पोटो हो, वीर बुधू भगत, तेलंगा खड़िया, जतरा टाना भगत, नीलांबर-पीतांबर, शेख भिखारी, पांडेय गणपत राय और टिकैत उमराव सिंह जैसे महान वीरों का संघर्ष हमारी पहचान, हमारी विरासत और हमारी प्रेरणा है।

अलग झारखंड राज्य का सपना अनेक क्रांतिकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से साकार हुआ था। बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शहीद निर्मल महतो, विनोद बिहारी महतो और असंख्य आंदोलनकारियों का नेतृत्व, संघर्ष और योगदान झारखंड के इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उनके संघर्षों ने हमें अपनी पहचान, अधिकार और स्वाभिमान के लिए लड़ना सिखाया।

हमारे पुरखों ने जिस झारखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है। इसी संकल्प के साथ राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं, किसानों-मजदूरों के अधिकार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में हम लगातार प्रयासरत हैं।

हमारा युवा झारखंड हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमारे युवाओं के सपने, उनकी प्रतिभा और नई सोच ही राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। उन्हें बेहतर शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के अवसर देकर उनकी ऊर्जा और क्षमता को राज्य की शक्ति और समृद्धि में बदलना हमारा लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आइए, इस राज्य स्थापना दिवस पर संकल्प लें कि अपने वीर पुरखों की विरासत, अपनी संस्कृति और पहचान को सहेजते हुए एक समृद्ध, सशक्त और न्यायपूर्ण झारखंड के निर्माण में हम अपनी भागीदारी निभाएंगे।

हमारे पुरखों का संघर्ष हमारी विरासत है, हमारे युवाओं के सपने हमारी ताकत हैं और एक समृद्ध झारखंड हमारा संकल्प है।

झारखंड के वीर अमर रहें!
जय झारखंड!
जोहार झारखंड!

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!