महिंद्रा आर्केड की पार्किंग से मजदूर के 25 हजार रुपये चोरी, बेटी की शादी के लिए निकाले थे पैसे
Palamu : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र स्थित महिंद्रा आर्केड मार्केट की पार्किंग से एक मजदूर के 25 हजार रुपये चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शहर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागा खुर्द निवासी खुर्शीद अंसारी महिंद्रा आर्केड में मजदूरी का काम करते हैं।

शुक्रवार को उन्होंने चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित कटुअल एसबीआई शाखा से 25 हजार रुपये निकाले और साइकिल से सीधे महिंद्रा आर्केड पहुंचे। उन्होंने रुपये और कपड़े एक झोले में रखकर साइकिल के हैंडल पर टांग दिए और काम में लग गए।दोपहर करीब तीन बजे जब उन्हें झोले की याद आई और वे साइकिल के पास पहुंचे, तो झोला गायब था। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन रुपये और झोले का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शनिवार को उन्होंने शहर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित ने बताया कि बेटी की शादी के लिए गहने खरीदने के उद्देश्य से उन्होंने बैंक से रुपये निकाले थे। घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा है, लेकिन उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



