
मोहम्मदगंज : गायत्री परिवार की गोष्ठी व यज्ञ संपन्न, मोहम्मदगंज समिति का गठन
हुसैनाबाद : स्थानीय गीता मंदिर (शिव विश्वकर्मा मंदिर परिसर) में अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गोष्ठी, हवन-यज्ञ, गायत्री मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गायत्री मंत्र की महत्ता, उसके आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि रंजय कुमार सिंह, जिला समन्वयक उपेन्द्र मिश्रा, उपसमन्वयक दिनेश्वर चंद्रवंशी तथा सारथी संतोष यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति में मोहम्मदगंज गायत्री परिवार समिति का गठन किया गया।

समिति में गौरीशंकर सिंह को प्रखंड समन्वयक, संतोष कुमार विश्वकर्मा को उपसमन्वयक, राजकुमारी देवी को प्रखंड महिला समन्वयक, सोनी अग्रवाल को उपसमन्वयक, लव कुमार सिंह को प्रखंड युवा समन्वयक, ध्रुवशंकर सिंह को भारतीय ज्ञान परीक्षा संयोजक, बलिराम ठाकुर को सहयोगी संयोजक, स्वाति सिंह को ‘आओ गढ़ें संस्कार पीढ़ी’ प्रखंड संयोजक, रेणु देवी को उपप्रभारी, किरण सिंह को ‘गृहे-गृहे गायत्री यज्ञ’ संयोजक, कामेश्वर सिंह को सप्त आंदोलन संयोजक तथा बलिराम प्रजापति को विभिन्न दायित्व सौंपे गए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हवन-यज्ञ में भाग लिया तथा गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।



