
कल्पना सोरेन की मौजूदगी में गिरिडीह में झामुमो का हुआ कार्यकर्ता सम्मेलन, शामिल हुए अविनाश देव
कल्पना सोरेन से मिले पलामू के युवा झामुमो नेता अविनाश देव, कहा- महिला सशक्तीकरण की प्रतीक हैं कल्पना, हेमंत के नेतृत्व पर जनता को भरोसा
Ranchi : :गिरिडीह के मंगल उपवन हॉल में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से आयोजित गिरिडीह विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सेमिनार में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. कार्यक्रम में गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं.

वहीं राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पार्टी महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय, महासचिव फागु बेसरा, दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा और गिरिडीह की मेयर सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे. इस सेमिनार में पलामू के युवा झामुमो नेता अविनाश देव ने भी भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात कल्पना सोरेन से हुई.

सेमिनार में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई. गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र की 54 पंचायतों एवं 36 वार्डों में संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने तथा प्रत्येक पंचायत और वार्ड में 21 सदस्यीय बूथ समितियों के गठन पर जोर दिया गया. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित कराने के लिए भी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की बात कही गयी.

कार्यक्रम में शामिल होकर लौटने के बाद अविनाश देव ने कहा कि गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव को लेकर झामुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह है. राज्य की जनता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व को पसंद करती है और उनके प्रति भरोसा रखती है. कल्पना सोरेन महिला सशक्तीकरण की प्रतीक हैं. उनकी सक्रियता महिलाओं को राजनीतिक एवं सामाजिक रूप से आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है.

उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह के विकास और जनता के हित में जो काम किये हैं, उन्हें क्षेत्र के लोग याद रखेंगे. उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि जनता उनके कार्यों और योगदान को सम्मान देते हुए झामुमो को अपना समर्थन दे. अविनाश देव ने विश्वास जताया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व, कल्पना सोरेन की सक्रिय भूमिका और सुदिव्य कुमार सोनू के कार्यों की विरासत के साथ झामुमो कार्यकर्ता उपचुनाव में जनता के बीच अपनी बात रखेंगे.



