
वन्य प्राणी सप्ताह के तहत निकाली गई प्रभात फेरी, वन्य जीवों की रक्षा का लिया संकल्प
Latehar : दो से आठ अक्टूबर तक आयोजित वन्य प्राणी सप्ताह के तहत शुक्रवार को वन्य जीव प्रभाग, लातेहार के तत्वावधान में प्रभात फेरी निकाली गई। वन प्रमंडल कार्यालय परिसर से डीएफओ प्रवेश अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया।
इस अवसर पर डीएफओ ने कहा कि प्रत्येक वर्ष दो से आठ अक्टूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह का आयोजन किया जाता है। उन्होंने आम लोगों से वन्य जीवों की रक्षा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी जैसे छोटे जीव भी प्रकृति के जीवन चक्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वन एवं वन्य जीवों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
प्रभात फेरी में वन विभाग एवं वन सुरक्षा समिति के सदस्यों ने हाथों में ‘जीवों का न करें संहार, धरती मां की यही पुकार’ और ‘हमने ठाना है, जीवों को बचाना है’ आदि संदेश लिखी तख्तियां ले रखी थीं। प्रभात फेरी शहर के मेन रोड होते हुए वन क्षेत्र कार्यालय पहुंची।
वन क्षेत्र पदाधिकारी नंदकुमार मेहता ने वनकर्मियों एवं अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वन संपदा हमारी कई जरूरतों को पूरा करती है। हमें जंगल और जंगल में रहने वाले जीव-जंतुओं की रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान स्कूली बच्चों के बीच स्वच्छता अभियान, चित्रांकन, क्विज, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रभात फेरी में दुर्गा दत्त पाठक, आशीष झा, श्याम नारायण प्रसाद, राजेश प्रजापति, प्रदीप चन्द्रवंशी,शनि ठाकुर समेत वन विभाग के कर्मी, वनरक्षी, विभिन्न स्कूलों के बच्चे एवं वन सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद थे।





