
समाज में बेटियां सम्मान, संस्कार और समृद्धि की पहचान होती हैं : दीपक राज
बस स्टैंड के समीप निशुल्क पनशाला का उद्घाटन, राहगीरों को मिलेगी राहत
लातेहार:बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत बस स्टैंड के समीप शुक्रवार को अग्रवाल निशुल्क पनशाला का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि दीपक राज उपस्थित रहे। विनय अग्रवाल के सौजन्य से लगाए गए इस पनशाला का उद्घाटन उनकी पुत्री गीतांजलि कुमारी के हाथों फीता कटवाकर कराया गया। इस अवसर पर दीपक राज ने कहा कि बेटियां माता लक्ष्मी का स्वरूप होती हैं, इसलिए उनके शुभ हाथों से उद्घाटन कराना सौभाग्य और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि समाज में बेटियों को सम्मान देना और उन्हें आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों, यात्रियों एवं आम लोगों के लिए निशुल्क पनशाला लगाना एक सराहनीय और जनहितकारी पहल है। इससे बस स्टैंड क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों को शीतल पेयजल की सुविधा मिलेगी तथा गर्मी के मौसम में काफी राहत पहुंचेगी।स्थानीय दुकानदारों एवं व्यवसायियों ने भी इस पुनीत कार्य के लिए विनय अग्रवाल की सराहना की। लोगों ने कहा कि पनशाला शुरू होने से बाजार क्षेत्र में आने-जाने वाले यात्रियों और राहगीरों को काफी सुविधा होगी। मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी, व्यवसायिक संघ के सलाहकार विवेक सिंह, मनोज सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, शुभम कुमार, सुदामा कुमार, जनता पाल समेत कई व्यवसायी एवं गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।




