सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी आस्था का सैलाब भोलेनाथ के जलाभिषेक को लगी लंबी कतारें

Palamu : सावन की पहली सोमवारी पर शहर के शिवालयों में अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में लंबी कतारें लगी रहीं.

“हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगल की कामना की।शहर के हॉस्पिटल चौक प्राचीन शिव मंदिर,कोयल नदी किनारे स्थित शिव मंदिर, हमीदगंज सूर्य मंदिर परिसर में स्थित शिव मंदिर, सुदना अघोर आश्रम स्थित शिव मंदिर समेत अन्य शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।मंदिरों में विशेष श्रृंगार, रुद्राभिषेक और महाआरती का आयोजन किया गया. श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, भांग और पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया।

सावन की पहली सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवर में जल लेकर भी विभिन्न शिवालयों तक पहुंचे. महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।सावन के पहले दिन पलामू जिले के प्रमुख शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर परिसरों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। कई शिवालयों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा का आयोजन हुआ। पूजा समितियों ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे पलामू जिले में श्रावण माह के प्रथम दिन श्रद्धा, आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा तथा शिवालयों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा।

विश्रामपुर अनुमंडल में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

विश्रामपुर अनुमंडल के पांडू प्रखंड स्थित प्रसिद्ध तिसीबार धाम झारखंड विश्वनाथ मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर से निकली कांवर यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। पिछले 20 वर्षों से यहां कांवर यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर के संरक्षक विनय कुमार एवं उनकी पत्नी मंजू दुबे सहित क्षेत्र, जिले और राज्य के कई गणमान्य लोग प्रतिवर्ष यहां पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। कांवरिए फुलिया संगम पहुंचे, जहां विधिवत गंगा पूजन के बाद पात्रों में जल भरा। इसके बाद विभिन्न शिवालयों से होते हुए लगभग 10 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर तिसीबार धाम पहुंचे और भगवान झारखंड विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। उंटारी रोड प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव संपत धाम सहित क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।

मुरली पहाड़ी महाकालेश्वर शिवधाम में पूजा

हुसैनाबाद अनुमंडल के प्रसिद्ध लंगरकोट गांव स्थित मुरली पहाड़ी महाकालेश्वर शिवधाम में भी श्रावण माह के पहले दिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ज्योतिर्लिंग पर जल, दूध, घी एवं बेलपत्र अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के महंत विनय कुमार सिंह त्यागी ने श्रद्धालुओं को श्रावण माह के धार्मिक महत्व की जानकारी देते हुए भगवान शिव की आराधना के महत्व पर प्रकाश डाला। जलाभिषेक कार्यक्रम में अनिता कुमारी, अंजलि कुमारी, सुनीता देवी, संजू देवी, रीता देवी, पूजा देवी, कौशल्या देवी, मंजू देवी, प्रतिमा देवी, शोभा कुमारी, रेशमा देवी, रंजन कुमार सिंह, अरविंद कुमार शर्मा, गोपाल पटेल, कमलेश कुमार तथा संतोष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!