
स्टेडियम निर्माण में बाधा डालने का आरोप, सीओ से हस्तक्षेप की मांग
Latehar: हेरहंज प्रखंड के घुर्रे गांव में प्रस्तावित खेल स्टेडियम के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी को आवेदन सौंपकर सरकारी स्वीकृत भूमि से अतिक्रमण हटाते हुए स्टेडियम निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।आवेदन में बताया गया है कि वर्ष 2023-24 में घुर्रे गांव के खाता संख्या-142, प्लॉट संख्या-1832 एवं 1833 पर खेल स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद लगभग 81 लाख रुपये की राशि भी स्वीकृत हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू करने पहुंचे संवेदक को कुछ लोगों ने विरोध करते हुए गाली-गलौज की और निर्माण कार्य नहीं होने दिया।ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि संबंधित भूमि पर कुछ लोगों ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जा करने का प्रयास किया है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि भूमि पर अस्थायी तिरपाल लगाकर कब्जा किया गया तथा आसपास के पेड़ों को काटकर खेती शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि वर्षों से गांव के बच्चों और युवाओं के खेलकूद के लिए उपयोग में लाई जाती रही है। यदि यहां स्टेडियम का निर्माण होता है तो क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा स्टेडियम निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।




