
स्वास्थ्य विभाग के आउटसोर्सिंग कर्मियों का आर्थिक शोषण करने वाली बालाजी कंपनी पर हो सख्त कार्रवाई : रवि डे
Latehar : झाविस नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता रवि कुमार डे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों के कथित आर्थिक शोषण का मामला उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के सदर अस्पताल, ब्लड सेंटर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों के करोड़ों रुपये के बकाये का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस मामले में उन्होंने बालाजी कंपनी के साथ-साथ संबंधित स्वास्थ्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।
रवि डे ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मियों के हक और अधिकारों का हनन करने वाले सभी जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। कर्मियों का आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लातेहार जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पहले से ही कई चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में यदि आउटसोर्सिंग कर्मी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले जाते हैं, तो इसका सीधा असर आम जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा।
उन्होंने उपायुक्त संदीप कुमार से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आउटसोर्सिंग कर्मियों को न्याय दिलाते हुए उनकी जायज मांगों को पूरा कराया जाए। ताकि कर्मियों को उनका अधिकार मिल सके और जिले के आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।




