हगनीगढ़ा में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत, गांव में मातम

Sanjay prajapati @ united palamu

Latehar : जिले के बारियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरवाड़ीह पंचायत के बरवाडीह गांव स्थित हगनीगढ़ा में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चियां आपस में चचेरी बहन थीं।

जानकारी के अनुसार, ईंट निर्माण के लिए मिट्टी निकालने के उद्देश्य से वहां गड्ढा खोदा गया था। हाल के दिनों में हुई बारिश के कारण गड्ढे में पानी भर गया था। गुरुवार की सुबह खेलते समय दोनों बच्चियां उसमें गिर गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई।

मृत बच्चियों की पहचान कामेश्वर गंझू की 11 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी तथा मनोज गंझू की 9 वर्षीय पुत्री संजू कुमारी के रूप में हुई है। प्रियंका प्राथमिक विद्यालय बनवार में कक्षा पांचवीं की छात्रा थी, जबकि संजू कुमारी कक्षा तीसरी में पढ़ती थी।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे दोनों बच्चियां घर से खेलने के लिए निकली थीं। दोपहर तक घर वापस नहीं लौटने पर उनकी खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान हगनीगढ़ा में दो बच्चियों के शव पड़े होने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों को गड्ढे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

ग्रामीणों ने मामले की जांच कर गड्ढा खोदने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने, गड्ढे को भरवाने तथा पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!