हटाटोंगरी के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर खोला मोर्चा

Latehar:हेरहंज प्रखंड क्षेत्र के चिरू पंचायत अंतर्गत हुम्बू गांव के टोला हटाटोंगरी में सड़क निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। घनी आबादी वाले इस टोला में करीब 300 घर हैं, जिनमें लगभग 2,000 लोग निवास करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक मुख्य सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। इसे लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने बैठक कर जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की समस्या को लेकर कई बार जिला प्रशासन के अलावा सांसद और विधायक से भी मुलाकात की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क की स्थिति बेहद खराब है। बरसात के दिनों में गड्ढों और कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है। लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी होती है।

ग्रामीणों के अनुसार, सबसे अधिक परेशानी मरीजों को अस्पताल ले जाने में होती है। खराब सड़क के कारण एंबुलेंस भी गांव तक पहुंचने से कतराती हैं। ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को मरीजों को खटिया, मोटरसाइकिल या साइकिल के सहारे मुख्य पक्की सड़क तक पहुंचाना पड़ता है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जाता है।

ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में हरिजन समुदाय की आबादी अधिक है और शिक्षा का स्तर भी अपेक्षाकृत कम है। उनका आरोप है कि इसी कारण उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के साथ-साथ आगामी चुनाव में वोट बहिष्कार करने के लिए भी बाध्य होंगे।

बताया गया कि विधानसभा चुनाव 2024 से पहले गांव की सड़क निर्माण के लिए निविदा निकाली गई थी, लेकिन बाद में उसे निरस्त कर दिया गया। इसके बाद वर्ष 2026 में पुनः निविदा निकाली गई, जिसमें कई संवेदकों ने भाग लिया। हालांकि, अब तक संवेदक को कार्य आवंटित नहीं किए जाने के कारण सड़क निर्माण का कार्य लंबित है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!