
11 हजार वोल्ट तार गिरा, बड़ा हादसा टला
Latehar :बरवाडीह प्रखंड के मस्जिद मोहल्ला में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दर्जनों घरों के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया।तार गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिससे पूरे मोहल्ले में भय और दहशत का माहौल बन गया।बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घरों से निकलकर इधर-उधर भागने लगे।गनीमत रही कि घटना दोपहर के समय हुई, जब अधिकांश लोग अपने घरों के अंदर थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहल्ले के ऊपर से गुजर रहे इस खतरनाक तार को हटाने की मांग कई बार बिजली विभाग और जनप्रतिनिधियों से की गई थी। इसके लिए आवेदन भी दिए गए, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने गंभीरता दिखाई होती तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
मौके पर पहुंचे दीपक राज, अधिकारियों से की बात
घटना की सूचना मिलते ही सांसद प्रतिनिधि दीपक राज मस्जिद मोहल्ला पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मोहल्लेवासियों की मौजूदगी में उन्होंने दूरभाष पर सहायक अभियंता अमित कुमार से वार्ता कर तार को दूसरी दिशा से ले जाकर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। सहायक अभियंता ने फिलहाल तार जोड़कर बिजली बहाल करने तथा बाद में वरीय अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा करने की बात कही। इधर दीपक राज ने पूरे मामले से सांसद कालीचरण सिंह को भी अवगत कराने को लेकर आश्वस्त किया है।
आक्रोशित लोगों ने तार जोड़ने का किया विरोध

घटना के बाद पहुंचे विद्युत कर्मियों को मोहल्लेवासियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने तार को पुनः जोड़ने से साफ इनकार कर दिया।एक वृद्ध महिला ने भावुक होकर कहा कि यदि फिर से वही तार जोड़ा गया तो वे इसमें सटकर अपनी जान दे देंगी।उन्होंने कहा कि वर्षों से लोग मौत के साए में जी रहे हैं। तार उनकी निजी जमीन के ऊपर से गुजरता है, जिसके कारण वे अपने मकान का निर्माण भी सुरक्षित ढंग से नहीं कर पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अब वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समाधान चाहते हैं। लोगों का सवाल है कि जब खतरे की सूचना पहले से दी जा रही थी, तो आखिर विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार क्यों कर रहा था।
सांसद ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
सांसद प्रतिनिधि दीपक राज ने मस्जिद मोहल्ला के लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए दूरभाष पर सांसद कालीचरण सिंह से वार्ता की। उन्होंने मोहल्ले के घरों के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट विद्युत तार को अविलंब हटवाने एवं आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। वार्ता के दौरान सांसद कालीचरण सिंह ने मोहल्लावासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनका 27 मई को बरवाडीह दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे। साथ ही 30 मई को लातेहार में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे, ताकि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।





