सांसद वीडी राम ने बनिया कमलापुरी, जायसवाल, कसौधन व बरनवाल को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने की मांग सदन में रखी

Palamu : पलामू लोकसभा क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने मंगलवार को लोकसभा में नियम 377 के तहत बनिया कमलापुरी, जायसवाल, कसौधन एवं बरनवाल समाज को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने से संबंधित अति महत्वपूर्ण मामले को उठाया।


सांसद श्री राम ने कहा कि झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में निवास करने वाले बनिया कमलापुरी, जायसवाल, कसौधन एवं बरनवाल समाज के अनेक परिवार सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक दृष्टि से पिछड़े हैं। इन जातियों को कई राज्यों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का दर्जा प्राप्त है, किंतु केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल न होने के कारण इनके लोगों को केंद्र सरकार की नौकरियों, केंद्रीय शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

सांसद ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। इसी भावना के अनुरूप इन समुदायों के हितों पर भी समुचित एवं न्यायोचित विचार किया जाना आवश्यक है।


सांसद ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि संबंधित राज्य सरकारों एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग से आवश्यक प्रतिवेदन प्राप्त कर इन समुदायों की सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक स्थिति का वस्तुनिष्ठ परीक्षण कराया जाय। यदि ये समुदाय निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाते हैं, तो इन्हें केंद्रीय ओबीसी सूची में सम्मिलित करने की प्रक्रिया पर सकारात्मक एवं समयबद्ध निर्णय लिया जाय, ताकि उन्हें भी केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं अवसरों का समान रूप से लाभ मिल सके। इस आशय की जानकारी सांसद के निजी सचिव अलख दुबे ने दी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!