द ज़ोन अकादमी में मेधावियों का सम्मान समारोह

Latehar : चंदवा प्रखंड के बरवाडीह स्थित द ज़ोन अकादमी में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि झामुमो जिला प्रवक्ता सुशील कुमार यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर मेहनत करने और जीवन में उच्च मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

सुशील कुमार यादव ने कहा कि द ज़ोन अकादमी के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु वे राज्य सरकार से आग्रह करेंगे, ताकि आर्थिक या अन्य किसी कारण से किसी भी मेधावी छात्र-छात्रा की पढ़ाई बाधित न हो।इस अवसर पर विद्यालय की छात्रा तराना परवीन, पिता नसीम अंसारी, को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। तराना परवीन ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर लातेहार जिले में तृतीय स्थान हासिल किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं अतिथियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के निदेशक पंचम यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकें।कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य सरोज देवी, कंचन कुमार यादव, नागमणी यादव, संजय कुमार यादव, सतीश कुमार यादव, शिवबालक जी, विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, सैकड़ों छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!