
सरस्वती शिशु मंदिर स्टेशन में गुरु पूर्णिमा पर महर्षि वेदव्यास का हुआ पूजन

Latehar : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन बाजकुम स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह के साथ गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, महर्षि वेदव्यास की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर वंदना एवं स्तुति के साथ हुई।वंदना सभा को संबोधित करते हुए आचार्य पुरुषोत्तम वैद्य ने महर्षि वेदव्यास के जीवन, उनके योगदान तथा भारतीय संस्कृति में गुरु के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु ही व्यक्ति को सही मार्ग दिखाकर जीवन को सफल बनाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. सरयू प्रसाद सिंह एवं सचिव विवेक कुमार गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अध्यक्ष ने कहा कि गुरु एक प्रकाश स्तंभ की तरह होते हैं, जो अपने ज्ञान से समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक कर्तव्य है।इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्यों, दीदियों एवं कर्मचारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राजवल्लम शर्मा ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी से गुरु के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र एवं सामूहिक जलपान के साथ हुआ।



