आजसू के धान रोपाई के बाद जागा नगर प्रशासन, बस स्टैंड में मोरम-मिट्टी भरकर कीचड़ से दिलाई राहत

Latehar : लातेहार बस स्टैंड में लंबे समय से व्याप्त कीचड़ और अव्यवस्था के खिलाफ आजसू पार्टी द्वारा किए गए धान रोपाई आंदोलन का असर अब दिखाई देने लगा है। आंदोलन के बाद नगर प्रशासन हरकत में आया और बस स्टैंड परिसर में मोरम व मिट्टी डालकर कीचड़ से राहत दिलाने का कार्य शुरू कराया गया।

ज्ञात हो कि बस स्टैंड में पक्का फर्श नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में पूरा परिसर कीचड़ से भर गया था। इससे बस यात्रियों, स्थानीय लोगों, और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित पांडेय के निर्देशानुसार पार्टी कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड परिसर में कीचड़ के बीच धान की रोपाई कर विरोध-प्रदर्शन किया था और नगर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया था।

आंदोलन के बाद नगर प्रशासन ने बस स्टैंड में मोरम एवं मिट्टी भरवाकर कीचड़ की समस्या से अस्थायी राहत देने का कार्य शुरू किया है। हालांकि शहरवासियों का कहना है कि यह केवल अस्थायी समाधान है। जब तक बस स्टैंड में ईंट अथवा पक्का फर्श का निर्माण नहीं कराया जाएगा, तब तक समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।

शहरवासियों का कहना है कि आजसू पार्टी के आंदोलन के बाद ही प्रशासन सक्रिय हुआ है। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित से जुड़ा प्रभावी आंदोलन बताया है। शहरवासियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन अब बस स्टैंड के स्थायी विकास की दिशा में भी जल्द ठोस कदम उठाएगा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!