पलामू के डीसी ने मलय डैम का किया निरीक्षण, वोटिंग का लिया आनंद

पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित होगा मलय डैम : उपायुक्त

Palamu : प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर सतबरवा स्थित मलय डैम को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत गुरुवार को मलय डैम पहुंचे और वहां उपलब्ध पर्यटन सुविधाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बोटिंग करते हुए डैम के प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया तथा संबंधित पदाधिकारियों के साथ इस स्थल को पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक एवं विकसित बनाने पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि पलामू प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध जिला है और मलय डैम में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यदि यहां मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाए तो यह जिले ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भी प्रमुख पर्यटन स्थल बन सकता है।

उपायुक्त श्री शेखावत ने बताया कि वर्तमान में बोटिंग की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन कुछ नौकाएं रख-रखाव एवं समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण उपयोग में नहीं हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी खराब बोटों की शीघ्र मरम्मत कर पुनः संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।उपायुक्त ने कहा कि पर्यटन और मत्स्य पालन को साथ लेकर इस क्षेत्र का समग्र विकास किया जा सकता है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर भी सृजित होंगे।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि मलय डैम को प्राकृतिक पर्यटन, नौकायन, मत्स्य पालन एवं मनोरंजन गतिविधियों के एक समेकित केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। प्रकृति की मनमोहक वादियों, शांत वातावरण और जलाशय की सुंदरता से परिपूर्ण यह स्थल भविष्य में पलामू की पर्यटन पहचान बन सके, इसी दिशा में आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!