
उपायुक्त की अध्यक्षता में वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित
Latehar : उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वनाधिकार से संबंधित लंबित दावों, प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वनाधिकार से संबंधित व्यक्तिगत एवं सामुदायिक दावों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को सरकार द्वारा प्रदत्त अधिकारों का लाभ समय पर मिलना चाहिए।
उपायुक्त ने अंचलवार लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दस्तावेजों की सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों के त्वरित निष्पादन पर बल दिया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि ग्राम स्तरीय समितियों को सशक्त एवं सक्रिय रखा जाए तथा दावों के निराकरण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक विलंब की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में पर वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रवेश अग्रवाल, आईटीडीए निदेशक सरोजिनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, जिला कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन उपस्थित थे।




