गैंगस्टर सुजीत सिन्हा हुआ पंचतत्व में विलीन, बेटा अक्षत कुमार ने दी मुखाग्नि
Palamu : झारखंड का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का बुधवार को अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार की रस्म सुजीत सिन्हा के पैतृक गांव हुसैनाबाद अनुमंडल अंतर्गत पथरा गांव में किया गया। यहां से शव यात्रा निकला और कररबार नदी घाट पर पहुंचा। गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के शव यात्रा में काफी भीड़ देखी गई।
कररबार नदी घाट पर वैदिक रीति से रस्म पुरा की गई। मृतक गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को उनके पुत्र अक्षत कुमार ने मुखाग्नि दी।
अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग पथरा गांव पहुंचते रहे। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा।

इधर, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार नजर बनी हुई है। पुलिस अभिरक्षा में सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को अंतिम संस्कार की सभी आवश्यक रस्मों में शामिल कराया गया।

बता दें कि झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की रविवार देर रात जामताड़ा जिला में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई थी। सुजीत सिन्हा को साहिबगंज मंडल कारा से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पुलिस वाहन खराब होने के बाद उसे दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सुजीत सिन्हा ने मौके का फायदा उठाते हुए एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया था और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की थी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमे सुजीत मारा गया था। साहिबगंज एसपी अमित सिंह और जामताड़ा एसपी शंभु सिंह ने गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के मारे जाने की पुष्टि की थी।



