
मधुमक्खियों के हमले में बखौरी भुईंया की मौत
Latehar : सदर थाना क्षेत्र के चंदनडीह स्थित तपोवन पार्क के आगे जंगल में खुखड़ी चुनने गए 60 वर्षीय बखौरी भुईंया की मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई। शनिवार सुबह जंगल से उनका शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, बखौरी भुईंया शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक साथी के साथ जंगल में खुखड़ी चुनने गए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने दोनों पर हमला कर दिया।
हमले में बखौरी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान, पुलिस पदाधिकारी रमाकांत गुप्ता एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया।मृतक के भाई गनौरी भुईंया ने बताया कि बखौरी अपने पीछे एक पुत्र छोड़ गए हैं।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।




