
नहाने के दौरान डूबने से चाचा और भतीजे की मौत
Dhanbad : मुनीडीह ओपी क्षेत्र के भटिंडा फॉल में हुए दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की डूबने से मंगलवार काे मौत हो गई। मृतकों की पहचान जोगता थाना क्षेत्र निवासी अजीत पांडे के पुत्र आयुष कुमार पांडे
(17) और उनके चाचा प्राजित पांडे (40) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जाता है कि मंगलवार को आयुष का जन्मदिन था। वह सुबह में पढ़ाई के लिए घर से कॉलेज के लिए निकला था। जन्मदिन मनाने के लिए उसने अपने चाचा प्राजित पांडे को भटिंडा वाटर फॉल बुलाया था। इसी दौरान दोनों पानी में नहाने चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
आयुष अपने पिता अजीत पांडे के तीन पुत्रों में सबसे बड़ा था। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई में काफी होनहार था। वहीं प्राजित पांडे के दो पुत्रियां और एक पुत्र है। परिवार की आजीविका पूजा-पाठ कराकर चलती थी।
जन्मदिन के दिन आयुष की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चाचा-भतीजे की एक साथ मौत से परिजन सदमे में हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
—————




