पलामू के नदी व तालाबों में बढ़ा जल स्तर, मेदिनीनगर सदर के एसडीएम ने जारी किया एडवाइजरी
Palamu : मेदिनीनगर सदर के अनुमण्डल पदाधिकारी संजय पांडेय ने नदी, तालाब तथा अन्य जलस्त्रोतों के जलस्तर में अत्यधिक वृद्धि होने के मद्देनजर सुरक्षा एवं सर्तकता बरते जाने के संबंध में एडवाइजरी जारी की है। जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि हाल में अत्यधिक वर्षा के कारण विभिन्न नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्त्रोतों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुँच गया है। ऐसी स्थिति में निचले क्षेत्रों एवं नदी/तालाब के आसपास स्थित बस्तियों में जलजमाव अथवा बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

एसडीओ ने जारी एडवाइजरी में मेदनीनगर अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचल पदाधिकारी और सभी थाना प्रभारी को निर्देशित है कि अपने-अपने क्षेत्र में नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्त्रोतों के जलस्तर की सतत निगरानी रखते हुए विशेष रूप से संवेदनशील एवं निचले क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण करें। जलस्तर में असामान्य वृद्धि अथवा बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना पाए जाने पर तत्काल अधोहस्ताक्षरी के संपर्क संख्या-9431138170/जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संपर्क संख्या 8840319664/ जिला मत्शय पदाधिकारी, संपर्क संख्या 9905381347 को सूचित करें।
निम्न कार्रवाई सुनिश्चित की जाए
- नदी एवं तालाब के आसपास के संवेदनशील एवं निचले क्षेत्रों को चिन्हित कर सतत निगरानी रखी जाए।
- जलस्तर बढ़ने की स्थिति में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों को आवश्यक सावधानी बरतने हेतु सूचित किया जाए।
- संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं सुरक्षा की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जाए।
- किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना होने पर तत्काल आवश्यक बचाव एवं राहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- थाना प्रभारी स्थानीय पुलिस बल के माध्यम से संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक सतर्कता एवं निगरानी रखें।
- अंचल अधिकारी संबंधित राजस्व कर्मियों / कर्मचारियों के माध्यम से क्षेत्र में जलस्तर एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों की नियमित सूचना प्राप्त करें।
- किसी भी आकस्मिक स्थिति में आपदा प्रबंधन से संबंधित उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करें।



