
मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसपी ने दिए अपराध नियंत्रण व लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के निर्देश

Latehar : पुलिस अधीक्षक लातेहार की अध्यक्षता में दिनांक 09 सितंबर 2026 को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान बीते माह में घटित सभी महत्वपूर्ण अपराधों की गहन समीक्षा की गई। साथ ही लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। हत्या, लूट, दुष्कर्म, पोक्सो (POCSO) एवं यूडी कांडों की वर्तमान स्थिति, अब तक की गई गिरफ्तारियों तथा मामलों के उद्भेदन के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराध नियंत्रण, समकालीन अभियान के तहत की गई कार्रवाई, पिछले एक वर्ष से फरार अपराधियों, दागी पंजी तथा गृहभेदन के मामलों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
तकनीकी एवं नागरिक सेवाओं की समीक्षा के क्रम में लंबित पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन के मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया। इसके अलावा eDAR एंट्री एवं मालखाना प्रभार की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। सीईआईआर पोर्टल के प्रभावी उपयोग तथा गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर की जा रही कार्रवाई की प्रगति की भी जानकारी ली गई।
बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।





