Palamu BJP ने समाहरणालय का किया घेराव, झारखंड सरकार पर बोला हमला
Palamu : जेपीएससी-जेएससीसी और सीजीएल में भारी धांधली और पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग और रांची में अपने हक की आवाज उठाने वाले निर्दाेष छात्रों पर दर्ज किए गए झूठे मुकदमे के विरोध में भाजपा पलामू जिला इकाई की ओर से बुधवार काे उपायुक्त पलामू कार्यालय समाहरणालय का घेराव किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम के प्रभारी और पूर्व सांसद और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने की।

घेराव सह प्रदर्शन को संबोधित करते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड में घोटालों पर चलने वाली सरकार है। कोयला, बालू के बाद बच्चों के भविष्य का घोटाला किया गया। जिन छात्रों ने अपने हक अधिकार के लिए आन्दोलन किये, उनके खिलाफ मुकदमे किए गए। दिल्ली और यूपी में भी मुकदमें हुए थे, लेकिन सारे वापस हो गए। लेकिन यहां की सरकार फर्जी मुकदमे वापस नहीं ले रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार दोहरी नीति अपना रही है, जिन लोगाें ने झामुमो के झंडे के साथ हमले किए, छात्रों के दुपट्टे खींचे उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। एफआइआर वापस होने तक भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने झारखंड में परीक्षा घोटाले पर हो रही सीआइडी जांच पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि इसके तार सात राज्यों के अलावा नेपाल तक जुड़े हुए हैं। सीआइडी झारखंड से बाहर जाकर मामले की जांच नहीं कर सकती है। इसके लिए सक्षम नहीं है। सीबीआई जांच होने पर सरकार की नौटंकी सामने आ जायेगी। सरकार नाचने लगेगी और मंत्री और दबंग विधायकों के पैरवी पुत्र पकड़े जायेंगे।
इससे पहले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सभी कार्यकर्ता और नेता का एकत्रीकरण रेडमा बाईपास काली मंदिर रोड स्थित माइनर इरिगेशन ऑफिस मैदान में हुआ। वहीं से पैदल मार्च करते हुए सभी लोग रेडमा चौक, ओवरब्रिज, कचहरी चौक होते हुए समाहरणालय गेट पर पहुंचे और घेराव किया।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पलामू के सांसद वीडी राम, पलामू जिला भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित कुमार तिवारी, विधायक आलोक चौरसिया, विधायक शशिभूषण मेहता, पूर्व सांसद घूरन राम, मनोज भुइंया, प्रभात भुइंया, शशिभूषण भगत, लवली गुप्ता, ज्योति पांडे, पांकी विधायक के जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता और बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।
राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और एसडीपीओ राजेश यादव के बीच हुई बहस
विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और मेदिनीनगर सदर एसडीपीओ राजेश यादव के बीच बहस हो गई, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। दरअसल, विरोध प्रदर्शन के दौरान पलामू सांसद विष्णुदयाल राम का भाषण चल रहा था। इसी क्रम में सदर एसडीपीओ राजेश यादव कार्यालय जाने के लिए पहुंचे थे, चूंकि समाहरणालय गेट बंद रखा गया था, इसलिए वह गेट खुलवाने लगे। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बहस हो गई फिर सांसद दीपक प्रकाश के साथ भी उनकी बहस हुई। बाद में दूसरे रास्ते से एसडीपीओ अपने कार्यालय में गए।





