
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने राज्यसभा में कहा : हिमाचल में पीएमजीएसवाई के तहत बनेंगी 1538 किलोमीटर सड़कें
धर्मशाला : केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने बताया कि प्रधान मंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में 1538 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामीण सड़क सर्वे एप के माध्यम से सड़क सुविधा से वंचित हिमाचल प्रदेश की 1945 योग्य बस्तियों का सर्वे किया गया है। जिसकी मंत्रालय की टेक्निकल विंग द्वारा जांच पड़ताल की जाएगी। योजना के पहले चरण के अन्तर्गत हिमाचल प्रदेश की 429 बस्तियों को 295 सड़क परियोजनाओं के माध्यम से 1538 किलो मीटर लम्बी सड़कों का जाल बिछा कर सड़क मार्ग से जोड़ा जायेगा। केंद्रीय मंत्री ने यह जानकारी राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में सदन में दी।केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधान मंत्री ग्रामीण सड़क योजना के चौथे चरण का सर्वे सभी राज्यों/केन्द्र शाषित राज्यों ने पूरा कर लिया है और मंत्रालय की टेक्निकल टीम नेशनल रूरल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी सर्वे की रिपोर्ट की जांच पड़ताल कर रही है। इस सर्वे में सड़क सुविधा से वंचित देश में कुल51,343 बस्तियों का सर्वे किया गया है, जिनमें से अस्थाई तौर पर 40,547 बस्तियों को योग्य माना गया है। मंत्रालय की टेक्निकल टीम नेशनल रूरल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एजेंसी द्वारा 30,129 बस्तियों को सत्यापित किया गया है और वाकी बस्तियों के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।





