PALAMU :!प्रशिक्षु डीएसपी मृत्युंजय गोप को मिला बिश्रामपुर थाना का कमान
थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने गुलदस्ता देकर किया उनका स्वागत
Palamu : शुक्रवार को प्रशिक्षु डीएसपी मृत्युंजय गोप ने विश्रामपुर थाना का कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। थाना प्रभारी ने प्रशिक्षु डीएसपी को थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध की वर्तमान स्थिति और लंबित मामलों की जानकारी दी।कार्यभार संभालने के बाद डीएसपी मृत्युंजय गोप ने थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम जनता की सुरक्षा, निष्पक्ष कार्रवाई और समयबद्ध पुलिस सेवा सुनिश्चित करना प्रत्येक पुलिसकर्मी का मूल कर्तव्य है।डीएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारीयो व जवानों को निर्देश दिए कि थाना क्षेत्र में किसी भी घटना पर तत्काल संज्ञान लिया जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने में देरी न हो। अपराध नियंत्रण के लिए सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने शराब तस्करी, अवैध कारोबार, जुआ, मादक पदार्थों की बिक्री और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का आदेश दिया।प्रशिक्षु डीएसपी ने पुलिस-जन संबंधों को मजबूत करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के साथ शालीनता और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी जाए और पारदर्शी तरीके से कार्रवाई हो। महिला, वृद्ध और कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के भी निर्देश दिए गए।
प्रसीक्षु डीएसपी मृत्युंजय गोप ने कहा कि विश्रामपुर थाना क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अनुशासन, ईमानदारी और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो सके।




