जपला महावीर मंदिर में 11 अक्टूबर से गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतवाणी
Palamu : शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जपला स्थित श्री महावीर मंदिर में 11 से 17 अक्टूबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथा प्रवक्ता पूज्य श्रवण कृष्ण जी महाराज करेंगे।

महावीर मंदिर नवाह परायण यज्ञ समिति, जपला के सचिव जितेंद्र रावत ने बताया कि नवरात्र के अवसर पर आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अवसर होगा। सात दिनों तक मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति और अध्यात्म से जुड़ेंगे।समिति के अनुसार कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। कथा स्थल श्री महावीर मंदिर, जपला रहेगा। आयोजन को लेकर समिति द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
कथा का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। जो श्रद्धालु कथा स्थल पर नहीं पहुंच सकेंगे, वे पूज्य श्रवण कृष्ण जी महाराज के फेसबुक पेज और यू-ट्यूब चैनल ‘श्रवण कृष्ण जी महाराज’ पर कथा का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रवण एवं पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।




